कल 20 अगस्त के लिए मौसम पूर्वानुमान:
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान में बारिश के आसार
उत्तर भारत की बात करे तो पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी जम्मू कश्मीर के ऊपर बना हुआ है। इस सिस्टम की वजह से जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों जैसे पूर्वी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश भी हो सकती है
कोई विशेष सिस्टम ना होने के कारण पूर्वी भारत के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश कम हो जाएगी और तापमान में बढोत्तरी देखी जाएगी लेकिन हल्की बारिश से इंकार नहीं किया जा सकता। पूर्वोत्तर भारत में एक चक्रवती सिस्टम पश्चिमी असम पर बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण पूर्वोत्तर राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
मध्य भारत के बात करे तो ओड़ीशा के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर पश्चिमी दिशा की तरफ बढ़ रहा है और जल्द ही दक्षिणी मध्य प्रदेश और उससे सटे महाराष्ट्र पर पहुँच जाएगा। मॉनसून की अक्षीय रेखा वर्तमान में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओड़ीशा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इन सिस्टमों की वजह से मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाडा और कोंकण में अच्छी बारिश की संभावना है। गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि छत्तीसगढ़ और ओड़ीशा में बारिश में कमी आएगी लेकिन दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
दक्षिण भारत की ओर रुख करे तो केरल और तटीय कर्नाटक में अच्छी बारिश जारी रहेगी। कर्नाटक के बाकी बचे हिस्सो, उत्तरी तमिलनाडू और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी तेलंगाना के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है।
