कल 7 नवंबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में होगा घना कोहरा; चेन्नई में जारी रहेगी वर्षा
शुरुआत दक्षिण भारत के मौसम पूर्वानुमान से। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों और इससे सटे अंडमान सागर पर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। इस सिस्टम से बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम तक एक ट्रफ रेखा विकसित हुई है।
इस बीच चेन्नई सहित तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में बारिश में कमी शुरू हो गई है। हालांकि चेन्नई सहित तटवर्ती तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर मध्यम और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में भी मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं। तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है जबकि दक्षिणी तटवर्ती आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना। आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों, तेलंगाना और कर्नाटक में मौसम शुष्क रहेगा।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का रुख करें तो इन भागों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इन राज्यों में शुष्क पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी हवाएं चलती रहेंगी। त्रिपुरा में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में कुहासा तथा धुंध छाए रहने की संभावना है।
मध्य भारत का रुख करें तो यहाँ सभी राज्यों में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। राजस्थान पर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से राजस्थान के पश्चिमी जिलों और गुजरात के सभी भागों में दिन के समय मौसम काफी गर्म होगा।
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
आखिर में चलते हैं उत्तर की ओर। यहां मैदानी राज्यों में हल्की और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। तापमान भी सामान्य के आसपास है। इसके चलते उत्तरी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
गंगा के मैदानी भागों में भी सुबह के समय कुहासा और धुंध का प्रभाव बना रहेगा। हवाओं की रफ्तार कम है जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर में बना प्रदूषण कल भी कम नहीं होगा और हवा की गुणवत्ता खतरनाक बनी रहेगी। उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इन राज्यों में सुबह के तापमान में गिरावट के चलते कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी।
कल 7 नवंबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में होगा घना कोहरा; चेन्नई में जारी रहेगी वर्षा
नवंबर 06, 2017
0
