अलर्ट जारी, इन राज्यों में मुसीबत बनकर बरसेंगे बदरा, जानिये आपके प्रदेश का क्या रहेगा हाल
Ramkishorkushwah.wordpress.com
Jul 3, 2018 7:51 AM

नर्इ दिल्ली।
भारत में पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश आैर बाढ़ ने आम जन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। असम को छोड़ कर बाढ़ का खतरा अभी कुछ राज्यों से टला था कि मौसम विभाग ने फिर से आज कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा व मिजोरम में रविवार को भारी बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने एवं किसी भी स्थिति से निपटने के निर्देश दिए हैं।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग द्वारा किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक एक से छह जुलाई तक मानसून की सक्रियता हिमालय के तराई क्षेत्र में रहेगी। इसके परिणामस्वरूप पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के उत्तरी इलाकों में अधितर स्थानों जबकि पंजाब, हरियाणा और बिहार के कुछ इलाकों में रविवार से मंगलवार तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में छिटबुट बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड में जनजीवन पर मौसम के तेवर भारी पड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने तीन जुलाई तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़े महकमों को तैयार रहने के लिए कहा गया है।
राजस्थान में तीन दिन से हल्की बारिश
राजस्थान के अधिकांश जिलों में पिछले तीन दिन से बारिश हो रही है। अलबत्ता, जयपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई, मगर अलवर,दौसा, झुंझुनूं, सीकर, उदयपुर, बांसवाड़ा और अजमेर जिलों हल्की बारिश हुई । इससे जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं बांधों में भी पानी की आवक बढ़ी है।
जम्मू-कश्मीर में रुक-रुक कर हो रही है वर्षा
जम्मू-कश्मीर में रुक-रुक कर बारिश जारी है। इससे राज्यभर में तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। शनिवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। आगे फिर से बारिश के आसार हैं।
मध्य प्रदेश में बारिश के आसार कम
मध्य प्रदेश में बरसात की गतिविधियों में कमी आ गई है। अभी चार-पांच दिन तक तेज बौछारें पड़ने की संभावना नहीं है। धूप निकलने के कारण अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मानसून द्रोणिका हिमालय के तराई वाले क्षेत्र की तरफ खिसक गया है। इस वजह से प्रदेश में बरसात की गतिविधियां कम हो गई हैं।
आज आ सकता है यूपी में तूफान
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन घंटों में आज यूपी के आगरा, बिजनौर, बरेली, कासगंज, एटा, शाहजहांपुर में भयंकर तूफान आ सकता है और भारी बारिश हो सकती है। अनुमान के मुताबिक बारिश के दौरान यहां तेज हवाएं और बिजली कड़क सकती हैं। गौरतलब है कि भारतीय मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि मानसून के सक्रिय होने के साथ पहाड़ी राज्यों में आगामी दिनों में मौसम बिगड़ने के आसार है और इसलिए उसने इन इलाकों में भी अलर्ट जारी किया है।
