मुख्य समाचार
· प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह साढ़े नौ बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ग्रामीण विद्युतीकरण योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
· सरकार ने महात्मा गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न श्रेणी के कैदियों की सजा माफ करने की विशेष योजना को मंजूरी दी।
· प्रवर्तन निदेशालय ने अगुस्ता वेस्टलैंड हेलिकाप्टर रिश्वत घोटाले में वायुसेना के पूर्व अध्यक्ष एस.पी. त्यागी और अन्य के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।
· तुर्की में दो साल बाद आपात स्थिति समाप्त।
· एशियाई जूनियर कुश्ती चैम्पियनशिप में वीरेश कुंडु ने ग्रीको रोमन श्रेणी में कांस्य पदक जीता।
----------
नमस्कार समाचार प्रभात के साथ
रामकिशोर कुशवाह
अब समाचार विस्तार से -------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह साढ़े नौ बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना और सौभाग्य योजना के लाभार्थियों के साथ संवाद करेंगे। श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि वह उन गांवों के लोगों के साथ संवाद करने को उत्सुक हैं जहां पिछले चार साल के दौरान बिजली पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी इन गांवों में अंधेरा था और उनकी सरकार को वहां उजाला पहुंचाने और बड़ी संख्या में लोगों की आकांक्षाएं पूरी करने का गौरव हासिल हुआ।
लोग इस कार्यक्रम में नरेन्द्र मोदी ऐप के जरिये जुड़ सकते हैं और डीडी न्यूज, भारतीय जनता पार्टी के फेसबुक पेज और लाइव ब्लॉग पर इसका सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
----------
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने महिलाओं, किन्नरों और दिव्यांग जनों सहित कुछ श्रेणी के कैदियों की सज़ा माफ करने की एक योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत निर्धारित मानकों को पूरा करने पर इन कैदियों को रिहा किया जा सकेगा। इस सज़ा-माफी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती से जोड़ा गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में कल नई दिल्ली में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस योजना का लाभ 55 साल की उम्र पार कर चुकी महिलाओं,किन्नरों तथा तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष कैदियों को दिया जायेगा, बशर्ते वे अपनी आधी सज़ा काट चुके हों।70 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले और आधी सज़ा काट चुके दिव्यांग कैदियों को भी इस योजना के दायरे में रखा जायेगा और उनके लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होगी। इस योजना के तहत गंभीर रूप से बीमार कैदियों पर भी विचार किया जायेगा। हालांकि यह योजना कुछ शर्तों के अधीन होगी और हत्या, आतंकवादी गतिविधियों, फिरौती के लिए अपहरण, दुष्कर्म, दहेज हत्या और मानव तस्करी के दोषी कैदियों को इसका लाभ नहीं दिया जायेगा। कैदियों को इस साल दो अक्तूबर से तीन चरणों में रिहा किया जायेगा। समाचार कक्ष से अलका सिंह।
----------
मंत्रिमंडल ने 12 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों के साथ दुष्कर्म के दोषियों को मौत की सज़ा सहित कठोर दंड के प्रावधान वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। विधि और न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि यह विधेयक संसद के मौजूदा मॉनसून सत्र में पेश किया जायेगा।
आपराधिक विधि (संशोधन) विधेयक, 2018 संसद द्वारा पारित किये जाने के बाद 21 अप्रैल को जारी किये गये आपराधिक विधि संशोधन अध्यादेश का स्थान ले लेगा। यह अध्यादेश जम्मू-कश्मीर में कठुआ में एक नाबालिक लड़की से दुष्कर्म और हत्या तथा उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटनाओं के बाद लाया गया था।
----------
प्रवर्तन निदेशालय ने अगूस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर खरीद से जुड़े रिश्वत मामले में वायु सेना के पूर्व अध्यक्ष एस.पी. त्यागी और अन्य के नाम दिल्ली की एक अदालत में पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया है। यह आरोप-पत्र कल विशेष न्यायाधीश अरविन्द कुमार के समक्ष दाखिल किया गया। इस पर कल सुनवाई होगी। आरोप-पत्र में एस.पी. त्यागी, वकील गौतम खेतान, इटली के दलाल कारलो जेरोसा और गुइदो हास्चके तथा अगूस्ता वेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेक्कानिका सहित त्यागी बंधुओं के नाम हैं।
----------
प्रवर्तन निदेशालय ने पचास अरब रुपये से अधिक के बैंक-ऋण घोटाले में गुजरात की दवा कंपनी के निदेशक के नाम आरोप-पत्र दाखिल किया है। विशेष सरकारी वकील नितेश राणा ने स्टर्लिंग बॉयोटेक लिमिटेड के राजभूषण ओमप्रकाश दीक्षित के नाम नई दिल्ली में अपर सत्र न्यायाधीश सतीश अरोड़ा की अदालत में आरोप-पत्र दाखिल किया। यह ऋण आंध्रा बैंक की अगुवाई में एक कन्सोर्टियम से लिया गया था।
----------
तुर्की में दो वर्ष पहले नाकाम विद्रोह के बाद लागू आपात स्थिति आज समाप्त हो गयी। राष्ट्रपति रेज़ेप तैय्यप एर्दोआन ने अंकारा में युद्धक विमानों से बमबारी और उसके बाद इस्तांबुल में दंगा भड़कने से दो सौ 49 लोगों के मारे जाने के पांच दिन बाद 20 जुलाई 2016 को आपात स्थिति की घोषणा कर दी थी। तुर्की की समाचार एजेंसी एनादोलू ने बताया कि आपात स्थिति आमतौर पर तीन महीने के लिए लगायी जाती है, लेकिन इसे सात बार बढ़ाया गया। तुर्की सरकार ने आपात स्थिति को आगे बढ़ाने की बजाय इसे आज समाप्त करने का फैसला लिया। आपात स्थिति के दौरान करीब 80 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया और इससे दोगुने लोगों को सार्वजनिक संस्थानों में नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया।
----------
दसवां दिल्ली डायलॉग सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू होगा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दो दिन के इस सम्मेलन में मुख्य वक्तव्य देंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्मेलन का विषय - ''भारत-आसियान के बीच समुद्री सहयोग मजबूत बनाना'' है।
इस प्रमुख वार्षिक कार्यक्रम में भारत और आसियान देशों के बीच राजनीतिक सुरक्षा, आर्थिक और सामाजिक सांस्कृतिक भागीदारी पर चर्चा होगी। 2009 से सालाना आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भारत और आसियान देशों के राजनीतिक नेता, नीति निर्माता, वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक,प्रमुख उद्योगपति, विचारक और शिक्षाविद् भाग लेते हैं। इस साल पूर्वात्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक का उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग और संपर्क को बढ़ाना है। शशांक कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
----------
केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओँ से देश के सभी और विशेषकर वंचित तथा किसान लाभ उठा रहे हैं। पश्चिमी त्रिपुरा जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए हाल ही में पश्चिमी त्रिपुरा जिले को पुरस्कृत किया था। पेश है हमारे संवाददाता की ग्राउंड रिपोर्ट-
लक्ष्मण चंद्र भौमिक पश्चिम त्रिपुरा जिले के इशान चंद्र नगर गांव में किसान हैं। उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा् योजना का लाभ मिल रहा है। आकाशवाणी से बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसान इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
हम खुश हैं कि सरकार ने यह योजना शुरू की है। इस योजना के तहत हमें जो भी पैसा मिल रहा है वह हमारे लिए काफी उपयोगी है।
जबकि डुकली ब्ल़ॉक के किसान सुनील चंद्र सरकार का कहना है किसानों को सुरक्षा मिल रही है और इन्हें इस योजना के तहत लाभान्वित किया गया है।
हमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का काफी लाभ मिल रहा है। यह किसानों के लिए काफी फायदे वाली है। मुझे इस योजना के तहत एक हजार 21 रुपये इस साल मिले हैं।
जबकि पश्चमी त्रिपुरा के जिला न्यायाधीश और कलेक्टर डॉक्टर संदीप महात्मे ने इस योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा उठाये गये विभिन्न कदमों के बारे में बात की।
इस योजना ने किसानों में आत्मविश्वास जगाया है और वे अपनी फसलों के नुकसान होने पर मुआवजा पाने का आश्वासन मिलने के कारण बिना किसी चिंता के खेती कर रहे हैं। निशिथ जोशी, आकाशवाणी समाचार, अगरतला।
----------
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दो बहुमंजिला इमारतों के गिरने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। आज सुबह मलबे से एक और शव निकाला गया। राष्ट्रीय आपदा राहत बल के कमांडेंट पी के श्रीवास्तव ने आकाशवाणी को बताया कि राहत और बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को दो लाख रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
जमीन के मालिक और बिल्डर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
----------
गुजरात के कुछ हिस्सों में तेज़ वर्षा और बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य सरकार ने वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वेक्षण युद्ध स्तर पर शुरू किया है और हर जिला कलेक्टर को तत्काल इस काम को पूरा करने का आदेश दिया है।हमारे संवाददाता ने बताया है कि अब तक मूसलाधार वर्षा के कारण 32 लोगों की मौत हुई है और मृतकों के परिवारों को करीब 62 लाख की सहायता दी गई है।
सौराष्ट्र के समुद्र तट पर बसे गीर सोमनाथ, देवभूमि द्वारका,जूनागढ़, जामनगर में भारी वर्षा से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। यहां अभी भी जगह-जगह पर वर्षा का पानी भरा हुआ है। सौराष्ट्र के कल्याणपुर में 24 घंटों में 12इंच वर्षा हुई। खेतों में वर्षा के पानी से नुकसान हुआ है। हालांकि प्रशासन इन इलाकों में परिस्थिति को नियंत्रित करने में लगा है, पर बहुत सारे गांवों में अभी भी वर्षा के प्रभाव से स्थिति बिगड़ी हुई है। भरत देवमणि, आकाशवाणी समाचार,अहमदाबाद।
----------
लोकसभा ने वर्ल्ड जूनियर एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर धावक हिमा दास को बधाई दी। अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि असम के गांव की हिमा दास युवाओं के लिए प्ररेणास्रोत हैं।
----------
एशियन जूनियर कुश्ती चैम्पियनशिप के दूसरे और अंतिम दिन कल नई दिल्ली में ग्रीको रोमन पहलवान वीरेश कुंडू ने कांस्य पदक जीता। उत्तर प्रदेश के बीस वर्षीय पहलवान ने 97 किलोग्राम वर्ग में दक्षिण कोरिया के जियोंगयुल वोन को पांच के मुकाबले 14 अंकों से हराकर अपने करियर का पहला अंतर्राष्ट्रीय पदक जीता। प्रतियोगिता के पहले दिन भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित चार पदक जीते थे। महिलाओं की कुश्ती आज शुरू होगी जबकि फ्रीस्टाइल प्रतियोगिताएं शनिवार को शुरू होंगी।
----------
छह देशों की अंडर-23 हॉकी प्रतियोगिता में कल रात भारत और कनाडा का मैच ड्रा रहा। बेल्जियम के एंटवर्प (Antwerp) में इस मैच में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। प्रीति दुबे के नेतृत्व में भारतीय जूनियर टीम ने इस प्रतियोगिता में अब तक कोई मैच नहीं हारा है। इस ड्रॉ से पहले उसने लगातार तीन मैच जीते हैं। टीम ने आयरलैंड को 4-1, ब्रिटेन को एक-शून्य और बेल्जियम को दो-शून्य से हराया।
----------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
अविश्वास प्रस्ताव मंजूर, चर्चा कल - लोकसभा में विपक्ष की ओर से एन.डी.ए. सरकार के प्रति पेश अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मत विभाजन की मंजूरी को जनसत्ता सहित सभी अखबारों ने प्रमुखता दी है। अमर उजाला के शब्द हैं, साढ़े चार साल में पहली बार संसद में होगी अग्नि परीक्षा। राष्ट्रीय सहारा लिखता है-परीक्षा विश्वास की, जीत का भरोसा दोनों को।
मंत्रिमंडल के फैसलों पर भी अखबारों की नजर है। बकौलहरिभूमि- गन्ना किसानों को सौगात, केन्द्र ने बीस रुपये बढ़ाया उचित और लाभकारी मूल्य। हिन्दुस्तान ने बताया है कि 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से दुष्कर्म के मामले में मृत्यु दण्ड के प्रावधान से जुड़े विधेयक पर भी मुहर।
बैंक में आपके जमा पर जोखिम नहीं - हिन्दुस्तान के ही आर्थिक पन्ने की खबर है- केन्द्र सरकार ने वित्तीय समाधान और जमा बीमा विधेयक वापस लेने का फैसला किया है, जिसमें बैंकों में संकट के दौरान ग्राहकों की जमा का एक हिस्सा लेने का प्रावधान था।
मंदिर निजी संपत्ति नहीं, पूजा का हक महिलाओं को भी -केरल के सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर रोक के विरुद्ध उच्चतम न्यायालय की सख्त टिप्पणी नवभारत टाइम्ससहित अधिकांश अखबारों की सुर्खी है।
सीलिंग के मामले पर उच्चतम न्यायालय की सख्ती शीर्षक सेदैनिक भास्कर ने लिखा है- दिल्ली में सीलिंग नहीं रुकेगी, अवैध निर्माण से जुड़े सभी बिल्डर और कान्ट्रैक्टर को ब्लैक लिस्ट करें।
पंजाब केसरी की सुर्खी है - दिल्ली उच्च-न्यायालय ने एक अहम फैसले में राष्ट्रपति और राज्यपाल सहित संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की गाड़ियों का पंजीकरण नम्बर होना अनिवार्य कर दिया है।
दैनिक जागरण की खबर है- दिल्ली मंडल के सभी रेलवे स्टेशन पर अब यात्री मोबाइल फोन से जनरल टिकट खरीद सकते हैं। इसके लिए यू.टी.एस. ऑन मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा।
----------
