सैम पित्रोदा के बयान पर शाह ने कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण का आरोप
नई दिल्ली
बालाकोट एयर स्ट्राइक पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के बयान को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाना बनाया है। अमित शाह ने कहा कि सैम पित्रोदा का बयान सही नहीं है। कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति कर रही है।
शाह ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष ने एयर स्ट्राइक पर उठे सवालों का जवाब मांगा था। किसने सवाल उठाए थे, आप किस पर सवाल उठा रहे हैं? आपको इनका जवाब देना चाहिए।
अमित शाह ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पाकिस्तान को आतंकवाद का जवाब नहीं दिया जाना चाहिए? जब चुनाव नजदीक आते हैं तो कांग्रेस तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करती है। क्या वोट बैंक की राजनीति शहीदों से ऊपर हो सकती है? शाह ने कहा कि कांग्रेस के इस बयान से जवानों की शहादत का अपमान हुआ है। देश को नुकसान पहुंचाने वालों का हौंसला बढ़ा है।
बता दें कि, भारतीय वायु सेना की बालाकोट में कार्रवाई से जुड़े अपने एक बयान को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला है।
खबरों के मुताबिक पित्रोदा ने बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा था कि क्या हमने सच में हमला किया था? क्या सच में 300 आतंकी मारे गए थे?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षाबलों को नीचा दिखाना विपक्ष की आदत है। विवाद खड़ा होने के बाद पित्रोदा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक नागरिक की हैसियत से सवाल किया था।
