मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, इन तीन दिनों तक रहें सावधान, आ सकता है तूफान

गर्मी कुछ देरी से जरूर आई, लेकिन पारा चढ़ा बहुत तेजी से है। 10 दिन पहले तक गर्मी का अहसास नहीं था, लेकिन गुरुवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। लोग परेशान हैं। सोच रहे हैं कि अभी से यह हाल है तो मई और जून में क्या हाल होगा?
विज्ञापन
मौसम के जानकारों का कहना है कि अप्रैल में ही पारा 44 तक पहुंच सकता है। ऐसे में हालत और खराब हो जाएगी। वहीं आगामी दिनों में धूल भरी आंधी आने के भी आसार हैं। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने पांच से सात अप्रैल के दौरान तेज आंधी व बिजली कड़कने की आशंका जाहिर की है।
प्रभारी निदेशक मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा गुरुवार को जारी पत्र के अनुसार पांच से सात अप्रैल के बीच यूपी के अधिकांश भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान असमान में तेज आवाज के साथ बिजली भी कड़क सकती है।
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
धूल भरी आंधी का असर राजस्थान व मध्य प्रदेश के पूर्वी भाग में ज्यादा रहेगा। जिन शहरों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा जिले भी शामिल हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी को सर्तक रहने के लिए कहा है।
उधर, भीषण गर्मी से लोकसभा चुनाव का रंग चटख होने के बजाय फीका पड़ता जा रहा है। गर्मी में लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। रैलियां और रोड शो में भीड़ जुटाना आसान नहीं रह गया है। चुनावी सरगर्मी के बीच इस मौसम में नेताओं के भी पसीने छूट रहे हैं।
मौसम का यही हाल रहा तो आगरा मंडल में मतदान के दौरान भीषण गर्मी होगी। बता दें कि आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा सीट पर मतदान 18 अप्रैल को होगा, वहीं फिरोजाबाद, एटा और मैनपुरी सीट के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होनी है।
