मुख्य समाचार:-
प्रधानमंत्री ने अर्थशास्त्रियों और अन्य विशेषज्ञों के साथ नीति आयोग में बैठक की।
थल सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने जम्मू-कश्मीर में संघर्ष विराम के उल्लंघन से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।
भारत ने कहा है कि पाकिस्तान को आतंकवाद और आतंकवादियों को धन उपलब्ध कराने संबंधी वैश्विक चिन्ताओं को दूर करने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।
भारतीय उड्डयन कम्पनियों ने अमरीका और ईरान के बीच तनाव के मद्देनज़र ईरान के विमान क्षेत्र से नहीं गुजरने का फैसला किया।
आई सी सी विश्वकप क्रिकेट में भारत ने अफगानिस्तान के सामने 225 रन का लक्ष्य रखा।
महिलाओं की एफ आई एच सीरिज फाइनल के खिताब के लिए कल हिरोशिमा में भारत का सामना जापान से होगा।
--------------------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 40 से अधिक अर्थशास्त्रियों और अन्य विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया। नीति आयोग ने इस बैठक का आयोजन किया था। बैठक का विषय था ''आर्थिक नीति-भविष्य की राह।'' प्रतिभागियों ने वृहत अर्थ व्यवस्था और रोजगार, कृषि और जल संसाधन, निर्यात, शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों के आर्थिक पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राव इंद्रजीत सिंह सहित नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार और केंद्र सरकार तथा नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
केंद्रीय बजट 2019-20 के दस्तावजों का प्रकाशन आज से पारंपारिक हलवा समारोह के साथ शुरू हुआ। नई दिल्ली के नार्थ ब्लाक में आयोजित इस समारोह में वित्त मंत्री निर्मला सीमारामन के साथ वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल हुए। वित्त सचिव सहित केंद्रीय बजट प्रकाशन से संबंधित वित्त मंत्रालय में अन्य सचिव भी इस अवसर पर मौजूद थे।
हलवा समारोह के बाद बजट की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इसके निर्माण और प्रकाशन की प्रक्रिया से जुड़े हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बजट पेश होने तक मंत्रालय में ही रहना होता है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन पांच जुलाई को 2019-20 का पूर्ण बजट लोकसभा में पेश करेंगी। बजट को अंतिम रूप देने से पहले श्रीमति सीतारामन ने राज्य के वित्त मन्त्रियों, अर्थशास्त्रियों, बुनियादी ढ़ांचे कृषि ग्रामीण विकास, सामाजिक वित्तीय क्षेत्रों और पूंजी बाजारों के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व परामर्श किया था। सरकार ने बजट बनाने की कवायद को अधिक सहभागी और समावेशी बनाने के उद्देश्य से नागरिकों से भी सुझाव मांगे थे। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
--------------------
जम्मू-कश्मीर में थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने आज जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर का दौरा किया। उन्होंने नियंत्रण रेखा तथा अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में संघर्ष विराम उल्लंघन, घुसपैठ रोकने और दुश्मन के उकसावे से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। जनरल रावत के साथ उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टीनेंट जनरल रणबीर सिंह भी साथ थे। थल सेना प्रमुख को सैन्य कार्रवाई में परिचालन प्रौद्योगिकी शामिल करने और इससे सैन्य बल क्षमता में कई गुना वृद्धि के बारे में जानकारी दी गई। जनरल रावत ने जवानों से संवाद भी किया।
--------------------
जम्मू कश्मीर में बारामुला जिले में आज सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। बोनियार क्षेत्र में भुजथालान जंगल में सुरक्षाबलों के सामान्य गश्त के दौरान यह मुठभेड़ हुई। सरकारी सूत्रों ने बताया है कि अतिरिक्त सुरक्षाबलों की घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और जंगल के पूरे क्षेत्र में सघन तलाश की जा रही है।
--------------------
भारत ने आशा प्रकट की है कि पाकिस्तान वैश्विक संगठन वित्तीय कार्रवाई कार्यबल के दिशानिर्देशों को पूरी तरह लागू करने के लिए इस वर्ष सितम्बर तक सभी आवश्यक प्रभावी कदम उठाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि पाकिस्तान की कार्रवाई उसकी राजनीतिक वचनवद्धता के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद और आतंकवादियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता रोकने के लिए विश्वसनीय, प्रमाणिक और स्थाई उपाय करने चाहिए।
वैश्विक संगठन ने कल कहा था कि पाकिस्तान ने आतंकवादियों को धन उपलब्ध कराने पर रोक नहीं लगाई तो उसे प्रतिबंधित सूची में डाला जा सकता है।
--------------------
नागरिक उड्डयन महानिदेशक ने कहा है कि ईरान और अमरीका के बीच तनाव के मद्देनजर भारतीय विमान होर्मुज जलडमरू मध्य क्षेत्र के ऊपर उड़ान नहीं भरेंगे। विमानन ऑपरेटरों और भारतीय उड्डयन महानिदेशालय के परामर्श के बाद ये निर्णय किया गया है। विमानन कंपनियां अपनी उड़ानों का मार्ग नए सिरे से निर्धारित करेंगी।
इस बीच, एयर इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अश्विनी कुमार लोहानी ने कहा है कि एयर इंडिया की उड़ानों पर इसका कोई खास असर नही पड़ेगा।
--------------------
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत आज विश्व का सातवां सबसे बड़ा विमानन बाजार है। देश में वर्ष 2017-18 में 18 करोड़ 70 लाख लोगों ने विमान यात्रा की। नई दिल्ली में आज विमान यातायात प्रवाह प्रबंधन के केन्द्रीय कमान केन्द्र का उद्घाटन करते हुए पुरी ने कहा कि भारत का विमानन उद्योग तेजी से प्रगति कर रहा है। बाद में मीडिया से बातचीत में हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि नया एयर ट्रैफिक फ्लो मैनेजमेंट - केन्द्रीय कमान केन्द्र एक विश्व स्तरीय प्रणाली है।
यह अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित एक विश्वस्तरीय प्रणाली है। इस प्रणाली के जरिये हवाई अड्डे पर खडे विमानों के साथ-साथ उड़ान भर रहे विमानों की स्थिति सहित देशभर में नागरिक उड्यन के बुनियादी ढ़ांचे की जानकारी ली जा सकेगी। यह प्रणाली वायु यातायात नियंत्रण के साथ जुड़ी है। इस प्रणाली से देश के नागरिक उड्यन की जरूरते पूरी होंगी।
इस अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉक्टर गुरुप्रसाद महापात्रा ने कहा कि इस सुविधा के साथ अगले पांच वर्षों में भारत की तुलना दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विमानन बाजारों से होगी।
यह प्रणाली हवाई अड्डों और हवाई मार्गों की जानकारी के साथ मौसम की जानकारी भी देती है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित 36 हवाई अड्डों पर इसके उपयोग की व्यवस्था की गई है।
--------------------
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के तीन सदस्यीय संसदीय दल ने आज उत्तरी 24 परगना जिले के भाटपाड़ा का दौरा किया। भाटपाड़ा में हाल ही में दो गुटों में हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद एस एस आहुलवालिया के नेतृत्व में यह दल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि घटना के दो दिनों के बाद स्थिति सामान्य हो रही है।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल के अलावा विपक्षी कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के दल ने भी भाटपाड़ा क्षेत्र का दौरा करके मृतकों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। बैरकपुर के नव नियुक्त पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लेने के बाद कहा कि स्थिति अभी नियंत्रण में है। इस बीच, ऐहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा अभी भी लागू है। राज्य प्रशासन ने भाटपाड़ा पुलिस थाने में पुलिसकर्मियों की संख्या में बढ़ोत्तरी की है। कोलकाता से अरिजित चक्रवर्ती की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
--------------------
मेघालय में आकाशीय बिजली से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए आज उमियाम के पूर्वोतर अंतरिक्ष प्रयोग केन्द्र में एक कार्यशाला आयोजित की गई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कार्यशाला में आकाशीय बिजली से शहरों और गांवों को सुरक्षित बनाने के उपायों और इससे होने वाले नुकसान में कमी लाने पर विचार किया गया।
द लाइटनिंग रेसिलिएंट इंडिया अभियान का लक्ष्य 2019 से 2021 तक बिजली गिरने से होने वाली मौतों में 80 प्रतिशत कमी लाना है। मानक उपकरणों के अधिक उपयोग और समर्पित स्वयंसेवकों के सहयोग से दूरस्थ क्षेत्र तक त्वरित प्रारंभिक चेतावनी देना तथा शिक्षा और जगरूकता के जरिए सुरक्षा की संस्कृति विकसित कर यह लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा। स्कूलों, अस्पतालों, सामुदायिक केंद्रों जैसे महत्वपूर्ण स्थानों में बिजली सुरक्षा उपकरणों की स्थापना की जाएगी। क्लाइमेट रेजिलिएंट ऑब्जर्विंग सिस्टम प्रमोशन काउंसिल (सीआरपीसी), अन्य हितधारकों के अलावा भारतीय मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ मिलकर इस अभियान की अगुवाई कर रहा है। शिलांग से आर रूस्तम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनीषा खन्ना।
--------------------
बिहार में पूरे राज्य में मानसून पहुंच गया है और आज हल्की से सामान्य वर्षा हुई। हमारे संवाददाता ने मौसम विभाग के हवाले से बताया है कि पटना और भोजपुर में 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार के साथ आंधी और बारिश हो सकती है।
पश्चिम चंपारन के बगहा में सबसे अधिक 430 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जहानांबाद, गया और नवादा समेत राज्य के उत्तर पूर्वी इलाकों में अभी भी बारिश हो रही है। अरवल और कटिहार में वज्रपात के कारण दो लोगों की मौत हो गई। इस बीच श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक एस के शाही ने बताया कि मुजफ्फरपुर और उसके आस-पास के क्षेत्रों में हो रही बारिश से दिमागी बुखार के मामलों में कमी आएगी। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से कृष्ण कुमार लाल।
--------------------
केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि दूरदर्शन की सबसे बड़ी खूबी उसकी विश्वसनीयता है। दूरदर्शन सबसे बड़ा डीटीएच ऑपरेटर है जिसके माध्यम से देशभर में लाखों लोगों तक कार्यक्रम पहुंच रहे हैं। आज श्रीनगर में दूरदर्शन डिश एंटिना सेटटॉप बॉक्स के निशुल्क वितरण समारोह में जावड़ेकर ने कहा कि देशभर में लगभग हर भाषा के सात सौ से ज्यादा टीवी चैनल काम कर रहे हैं।
आज देश में 25 करोड़ घर हैं। अभी भी सात करोड़ घरों में टीवी नहीं है। आज एक छोटी शुरूआत कर रहे हैं। जिस इलाके में टीवी नहीं है या बहुत डिफिकल्ट है या बहुत गरीब हैं उनको आज हम फ्री डिश दे रहे हैं और थोड़े ही दिनों में सब घरों में टीवी होने वाला। दुनिया का सबसे बड़ा देश भारत होगा यही मेरा विश्वास है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह ने डोगरी समाचार बुलेटिन शुरू करने, मुफ्त डिश एंटिना वितरण और डीडी कशीर की सिग्नेचर ट्यून के लिए सूचना और प्रसारण मंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रसार भारती के अध्यक्ष डा. ए. सूर्य प्रकाश ने डिश ऐन्टिना के निशुल्क वितरण की योजना को बहुत महत्वपूर्ण बताया।
डीडी फ्री-डिश लोगों के सशक्तिकरण की दिशा में एक वरदान की तरह है। यह देश की नंबर एक डीटीएच सेवा प्रदाता है। जिसकी पहुंच तीन करोड़ चालीस लाख से भी अधिक घरों तक है। इसमें दूरदर्शन और निजी चैनलों सहित 95 चैनल हैं। डीडी फ्री-डिश सरकारी और निजी भागीदारी का बेहतरीन उदाहरण है।
इस अवसर पर दूरदर्शन की महानिदेशक डॉ0 सुप्रिया साहू और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक भी उपस्थित थे।
--------------------
आई.सी.सी. क्रिकेट वर्ल्ड कप में आज भारत ने अफगानिस्तान को 225 रन का लक्ष्य दिया है। जवाब में अफगानिस्तान ने .27वें. ओवर में 2 विकेट पर 98 रन बना लिए थे। साउथम्पटन में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 224 रन बनाए। कप्तान विराट कोहली ने सर्वाधिक 67 और केदार जाधव ने 52 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान के लिए गुलबदन नाएब और मोहम्मद नबी ने दो- दो विकेट लिए। आकाशवाणी से इस मैच का आंखों देखा हाल डीटीएच हिंदी, राजधानी और एफएम रेनबो चैनलों पर उपलब्ध है।
--------------------
एफ.आई.एच. सीरीज फाइनल्स महिला हॉकी टूर्नामेंट के खिताब के लिए कल भारत का मुकाबला जापान से होगा। हिरोशिमा में आज सेमीफाइनल में भारत ने चिली को 4-2 से हराया। इसके साथ ही भारत ने तोक्यो ओलंपिक क्वालीफायर के अंतिम दौर में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान जापान ने पेनल्टी शूटऑउट में रूस को 3-1 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।
