घरों में मच्छर का लार्वा मिला तो होगी कार्रवाई
इटावा : प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी नीरज दुबे ने कहा कि शासन के निर्देश पर शहर के हर वार्ड में संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जाना है। इस दौरान अगर किसी भी मकान के आसपास तथा कूलर में मच्छर का लार्वा मिला तो कार्रवाई व जुर्माना किया जाना तय किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद के 40 वार्डों में तकरीबन 47 हजार से अधिक आवास आते हैं। हर वार्ड में अभियान चलाने के लिए 15 कर्मचारी तथा दवा का छिड़काव करने को 10 कर्मचारी की मांग जिलाधिकारी से की गई है। मैनपुरी की एक पंजीकृत ठीकेदार द्वारा कर्मचारियों की भर्ती करके उपलब्ध कराया जाना है। कर्मचारी मिलते ही जांच अभियान शुरु करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समय बरसात का सीजन चल रहा है जगह-जगह खाली प्लाटों व गड्ढों में गंदा पानी भरा हुआ है। जो मच्छरों के आश्रय स्थल बने हुए हैं। इसके साथ ही अनेक मोहल्लों के लोग जो अभी भी कूलर में पानी तो भरते हैं लेकिन साफ नहीं करते हैं। जिससे कूलरों में मचछरों का लार्वा एकत्र हो जाता है। जांच के दौरान अगर लार्वा मिला तो जुर्माना किया जाएगा। जो 100 रुपया से लेकर 500 रुपया तक हो सकता है।
