31 अक्टूबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली में प्रचंड प्रदूषण; उत्तर-पूर्वी बिहार में वर्षा के आसार
जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब आगे निकल गया है। उत्तर भारत में हवाओं के रुख में बदलाव होगा। इन भागों में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ चलेंगी। हालांकि हवाओं की गति काफी कम रहेगी।
हवा बदलने से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान गिरेगा लेकिन प्रदूषण से विशेष राहत की उम्मीद नहीं है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में कुहासा और धुंध का प्रभाव बढ़ सकता है। पंजाब और हरियाणा में एक-दो स्थानों पर सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखा जा सकता है।
पूर्वी भारत में मौसमी हलचल की बात करें तो बांग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा बिहार तक विस्तृत है। इन सिस्टमों के प्रभाव से नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों तक अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है। उसके पश्चात सिस्टम कमजोर होगा और बारिश में व्यापक कमी आएगी।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के उत्तर-पूर्वी भागों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। शेष पूर्वी राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा। बिहार, पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छ सकता है।
मध्य भारत में मौसम शुष्क होगा और दिन में अच्छी धूप खिली रहेगी। उत्तर से आ रही शीतल और शुष्क हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की भी संभावना है।
दक्षिण के राज्यों में कई स्थानों पर मौसमी हलचल देखने को मिलेगी। दक्षिणी तमिलनाडु के करीब बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से दक्षिणी अरब सागर तक ट्रफ रेखा भी प्रभावी है। इन सिस्टमों के प्रभाव से तटीय तमिलनाडु में कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। आंतरिक तमिलनाडु, केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। इसके अलावा दक्षिणी तटवर्ती आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में एक-दो स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। जबकि तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और महाराष्ट्र में मौसम शुष्क बना रहेगा।
प्रमुख शहरों के मौसम का ज़िक्र करें तो चेन्नई में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। बंगलुरु में हल्की वर्षा के आसार हैं। हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ में मौसम शुष्क होगा।
31 अक्टूबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली में प्रचंड प्रदूषण; उत्तर-पूर्वी बिहार में वर्षा के आसार
अक्टूबर 30, 2017
0
