मूसलाधार बारिश के कारण इटावा में एक सैकड़ा से अधिक कच्चे मकान हुए धराशाई
जिले में करीब एक सैकड़ा से अधिक कच्चे पक्के मकानों की क्षतिग्रस्त या धराशाई हो गये हैं।
इटावा. उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पूरे जिले में करीब एक सैकड़ा से अधिक कच्चे पक्के मकानों की क्षतिग्रस्त या धराशाई हो जाने के कारण अफरा तफरी मची हुई है। बढ़पुरा विकास खंड के कई ग्रामों में तेज बारिश के चलते कई कच्चे मकान गिर गए। ग्राम रमपुरा में आधा दर्जन मकान ढह गए हैं। ग्राम निवासी रामदीन पुत्र छविराम मकान में दबने से घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई है। उसके अलावा गांव के संजीव व श्रीकृष्ण सहित आधा दर्जन लोगों के घर गिर गए। वे खुले आसमान में रह रहे हैं। खाना बनाने तक को भटकना पड़ रहा है। कई गांव मौसम की पहली बारिश से प्रभावित हुए हैं।
उदी मोड़ स्थित बढ़पुरा ब्लाक कार्यालय के सामने हुए जलभराव से लोग घरों में कैद होकर रह गए। इन घरों में पानी भरने से नुकसान भी हुआ है। केदार चक ने बताया कि उसके घर में पानी भरने से अनाज, आटा व अन्य सामान नष्ट हो गया। अब तो न खाने का सामान बचा है और न ही बैठने को जगह। मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि पानी निकास के लिए नाला बनाने की मांग एक लंबे अर्से से की जा रही है लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की।
भरथना में लगातार हो रही बारिश के कारण साम्हो रेलवे स्टेशन के निकट बने मंदिर का बरामदा और पुराना भरथना स्थित खंडहरनुमा पूर्व विद्यालय भवन का लेंटर गिरकर धराशायी हो गया। जिसके कारण दो साइकिल, एक बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ ही गाय मलबे में दबकर घायल हो गयी। सुबह से रुक-रुक हो रही बारिश के कारण साम्हो रेलवे स्टेशन के निकट महाराज सिंह इंटर कालेज के पास बने मंदिर का बरामदा धराशायी हो गया । मंदिर के निकट रेलवे द्वारा गड्ढा खोदा गया था। जिसमें बरसाती पानी भर गया । बारिश के साथ-साथ यह पानी भी मंदिर का लेंटर गिराने में सहायक बना । मंदिर का लेंटर गिरने से पड़ोस में स्थित दुकान के दुकानदार दिनेश चंद्र गुप्ता व वीरेंद्र सिंह शाक्य की साइकिलें तथा नगला विधी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव पप्पू की बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी। मंदिर के बरामदे में अक्सर लोग खड़े हो जाया करते थे। लेकिन बारिश के कारण बरामदे में कोई व्यक्ति खड़ा नहीं था जिससे अप्रिय घटना होने से बच गयी।
इसी क्रम में पुराना भरथना स्थित खंडहरनुमा पूर्व विद्यालय भवन का लेंटर बारिश के कारण गिर गया। जिसके मलबे में दबने से कन्हैयालाल यादव की गाय घायल हो गयी । पुराना भरथना स्थित प्रेम कुमार यादव मुखिया के मकान की बाउंड्रीवाल धराशायी हो गयी। जसवंतनगर के ग्राम पंचायत कुरुसेना में बरसात से अचानक मकान गिर गया । मलवे में दबने से गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया व एक गाय घायल हो गई। कस्बा से सटे हाइवे किनारे उक्त ग्राम निवासी अचंभे लाल यादव पुत्र बदन सिंह का पक्का घर पूर्वाह्न 11 बजे अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। जिससे उक्त मकान में रखा गृहस्थी का जरूरी सामान मलवे में दब कर नष्ट हो गया व पड़ोसी के घर मे मलवा गिरने से पशुपालक की एक गाय दबकर बुरी तरह घायल हो गई
