प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हैदराबाद में भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं से बातचीत की। उन्होंने कहा- वे अप्रत्याशित घटनाओं से सतर्क रहें और चुनौतियों से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहें।
प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान पुलिस द्वारा किये गये अच्छे कार्यों की सराहना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज मॉस्को में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सेना अध्यक्ष जनरल एम0 एम0 नरवणे ने लददाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति की समीक्षा की। कहा-भारतीय सैनिकों का मनोबल बहुत ऊंचा है।
और कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 77 दशमलव एक-पांच प्रतिशत हुई। अब तक तीस लाख से अधिक लोग ठीक हुए।
--------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय पुलिस सेवा-आईपीएस के प्रशिक्षुओं से कहा है कि वे अप्रत्याशित घटनाओं से सतर्क रहें और उनसे निपटने के लिए हमेशा तैयार रहें। उन्होंने युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से रोकने की आवश्यकता पर भी बल दिया। श्री मोदी ने आशा व्यक्त की कि महिला पुलिस अधिकारी इस दिशा में बेहतर काम कर सकती हैं।
हम लोग सामुहिक प्रयत्न से जो बच्चे गलत रास्ते पर चले जाते हैं। उनको पहले से रोकने की दिशा में अब हमें काम करना है और वो काम महिला पुलिस अफसरों से बहुत अच्छा हो सकता है। उन बच्चों को वापस लेने में उनकी माताओं को समझाने में बहुत बड़ा काम हमारी वूमेन फोर्स कर सकती है। मुझे विश्वास है आप उस प्रकार का नेतृत्व दोगी और गलत रास्ते पर जाने से पहले ही बच्चों को बचा लें। उसी दिशा में हम काम कर लेंगे तो शायद बहुत बड़ी सेवा होगी।
प्रधानमंत्री आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हैदराबाद में भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं के दीक्षांत परेड को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं को अपनी वर्दी पर गर्व होना चाहिए और कोविड-19 महामारी के दौरान पुलिस के अच्छे काम लोगों के बीच याद किए जायेंगे।
कोरोना के कालखंड में देश के हर कोने में खाकी वर्दी के लोग जब गीतों के द्वारा लोगों को शिक्षित करने का प्रयास करते हैं। फुटपाथ पर बैठे हुए लोगों को खाना पहुंचा रहे हैं, पानी पहुंचा रहे हैं, खुद रिस्क ले करके कोरोना के मरीज को ले जाते हैं। यह दृश्य देश ने देखें हैं। एक मानवीय चेहरा हमारी खाकी वर्दी का लोगों के मन में स्थिर हो चुका है। अब हम लोगों का जिम्मा है कि कोरोना वायरस के संकट के काल में भी जिस प्रकार से खाकी वर्दी का जो भीतर पड़ा हुआ मानवता का अंश था वो एक संगठित स्वरूप में नजर आया है यह बहुत बड़ी पूंजी हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान तनाव घटाने के लिए अपने शिक्षकों और प्रियजनों से बात करनी चाहिए।
मैं आप लोगों से आग्रह करूंगा कि आप जब फील्ड में काम करेंगे तब पुलिस थाने के लेवल पर दस बारह लोग मान लीजिए आपका मैकम है तो उस इलाके में कोई न कोई ऐसे लोग होंगे जो ऐसे विषयों पर बड़ी सरलता से बातें करते होंगे। कभी 15 दिन में एक बार, कभी महीने में एक बार, घंटे भर के ऐसे महापुरुष को बुला लिया। अच्छे टीचर हो सकते हैं कोई और अच्छे ज्ञाता हो सकते हैं और वे आकर के ऐसे विषयों पर आपसे गप्प-शप करे बातें करें। बार-बार आपको स्मरण होगा कि हम अपने आपको कैसे ढाल सकते हैं, मैनेज कर सकते हैं।
आईपीएस प्रशिक्षुओं ने दो साल का लंबा प्रशिक्षण पूरा किया है। इनमें 28 महिला सहित 131 प्रशिक्षु शामिल हैं। तमिलनाडु काडर की किरण श्रुति ने पासिंग परेड का नेतृत्व किया। अकादमी के इतिहास में चौथी बार महिला अधिकारी ने इस परेड का नेतृत्व किया है। लगभग 58 प्रतिशत आईपीएस प्रशिक्षु इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं, जबकि दस प्रतिशत विज्ञान और 23 प्रतिशत कला तथा वाणिज्य संकाय के छात्र रहे हैं। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के निदेशक के अनुसार सबसे अधिक 15 प्रशिक्षुओं को उत्तरप्रदेश जबकि 11 को तेलंगाना काडर आवंटित किया गया है।
--------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एक सौ 30 करोड़ भारतीय स्थानीय उत्पादो को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर आत्मनिर्भर भारत मिशन में लगे हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का उद्देश्य देश को विनिर्माण केन्द्र में बदलना है। कल शाम भारत अमरीका कार्यनीतिक साझेदारी फोरम को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि वैश्विक हित ही उसका लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान कोविड संकट ने मानव केन्द्रित विकास की आवश्यकता सामने रखी है। उन्होंने कहा कि इस महामारी ने पूरी दुनिया के समक्ष स्पष्ट कर दिया है कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने का निर्णय न केवल लागत पर बल्कि भरोसे पर आधारित होना चाहिये।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में विविध अवसर उपलब्ध हैं। ये अवसर सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्र में हैं तथा इनमें प्रमुख आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र हैं। हाल में जो क्षेत्र खोले गये हैं उनमें कोयला, खनन, रेलवे, रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने भारत में पारदर्शी और स्पष्ट कर व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वस्तु और सेवाकर व्यवस्था एकीकृत और पूरी तरह सूचना प्रौद्योगिकी सक्षम अप्रत्यक्ष कर प्रणाली है।
श्री मोदी ने कहा कि देश में सुधार प्रकिया जारी है और हाल के महीनों में दूरगामी सुधार किये गये हैं
प्रधानमंत्री ने कहा कि 80 करोड भारतीयों को कोरोना महामारी के दौरान मदद उपलब्ध करायी जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क लगाने और सुरक्षित दूरी बनाये रखने पर बल देने वाले पहले देशों में सम्मिलित था।
--------------
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भारत-अमरीका शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री के संबोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल के महीनों में देश में विभिन्न क्षेत्रों में दूरगामी सुधार किए गए हैं, जिससे कारोबार करना आसान हो गया है और लालफीताशाही कम हुई है। श्री जावडेकर ने कहा है कि कोविड महामारी ने कई क्षेत्रों को प्रभावित किया है लेकिन यह एक सौ तीस करोड भारतीयों की आकांक्षाओं पर असर नहीं डाल सका है।
--------------
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आज मॉस्को में रूस के सशस्त्र बलों के मुख्य गिरीजाघर और संग्रहालय परिसर को देखने गए। श्री सिंह रूस के तीन के दौर पर मॉस्को में हैं। श्री सिंह ने कल रूस के रक्षामंत्री जरनल सर्गेई शोएगु से मुलाकात की थी। रक्षामंत्री दूसरे विश्व युद्ध में विजय की 75वीं वर्षगांठ समारोह में शंघाई सहयोग संगठन, सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन और स्वतंत्र देशों के राष्ट्रमंडल के रक्षामंत्रियों की संयुक्त बैठक में भी भाग लेंगे।
--------------
श्री राजनाथ सिंह ने भारत की रक्षा और सुरक्षा जरुरतों के अनुरुप ठोस सहायता उपलब्ध कराने पर रुस की सराहना की है। श्री सिंह ने कल मास्को में रुस के रक्षा मंत्री जनरल सर्गेई शोइगु से मुलाकात की। रुस की तीन दिन की यात्रा पर रक्षा मंत्री के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी गए हैं। दोनों नेताओं की यह मुलाकात शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ की बैठक से पहले हुई। रक्षा मंत्री ने खासतौर से शस्त्र प्रणाली की खरीद के भारत के अनुरोध पर समय से कार्रवाई के लिये रुस को धन्यवाद दिया। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में परस्पर सहयोग के व्यापक क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
--------------
सेनाध्यक्ष जनरल मनोज नरवणे ने कहा है कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा - एलएसी पर स्थिति संवेदनशील और तनावपूर्ण है लेकिन हमारे जवानों का मनोबल ऊंचा है और वे किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।
जवानों का मनोबल बहुत ऊंचा है और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। मैं यह कह सकता हूं कि हमारे जवान सबसे अच्छे जवान हैं। वो अब सिर्फ इंडियन आर्मी का, दे विल--एलएसी पर जो स्थिति है वो थोड़ी नाजुक है, गंभीर है।
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में जनरल नरवणे ने कहा कि स्थिति के मद्देनजर हम एहतियातन अपनी सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती कर रहे हैं। हालांकि हमारी सुरक्षा और सम्प्रभुता सुरक्षित है।
जनरल नरवणे ने कल अग्रिम चौकी का दौरा किया और अधिकारियों के साथ बातचीत कर सेना की तैयारियों की समीक्षा की। सेना प्रमुख ने कहा कि पिछले दो तीन महीनों से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत, चीन के साथ सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत कर रहा है और आगे भी करता रहेगा। सेना प्रमुख ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों के बीच उत्पन्न विवाद बातचीत से सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीमा की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है और हम देश के हितों की रक्षा करने में सक्षम हैं।
--------------
विदेश मंत्री डॉ0 एस जयशंकर ने कहा है कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा-एलएसी से जुड़े मुद्दे का समाधान केवल कूटनीतिक माध्यम से ही संभव है। वे आज अपनी पुस्तक द इंडिया वे-स्ट्रेटेजी फॉर एन अन्सर्टेन वर्ल्ड के विमोचन के अवसर पर बोल रहे थे।
--------------
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत के निर्यात और आयात दोनों से ही सकारात्मक रूझान मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष निर्यात का लक्ष्य पिछले साल के स्तर तक पहुंच रहा है। हालांकि अप्रैल में कोविड महामारी के कारण इसमें कुछ गिरावट आई थी। श्री गोयल निर्यात संवर्द्धन परिषद के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ एक बैठक में विचार विमर्श कर रहे थे। देश के वैश्विक व्यापार, जमीनी स्तर की स्थिति तथा निर्यातकों के सामने चुनौतियों के विषय पर इस दौरान चर्चा की गई।
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि वैश्विक व्यापार में भारत की हिस्सेदारी में वृद्धि हो रही है और हमारे निर्यातक इस दिशा में भरपूर प्रयास कर रहे हैं। श्री गोयल ने कहा कि सरकार ज्यादा बेहतर विश्वसनीय और व्यापार से संबंधित डाटा तैयार करने का प्रयास कर रही है ताकि देश के लिए बेहतर योजना और नीति बनाने में मदद मिले।
श्री गोयल देशभर में लॉकडाउन के बाद से ही निर्यात संवर्द्धन परिषदों के साथ परिचर्चाओं की श्रृखंला आयोजित कर रहे हैं। बैठक में वाणिज्य सचिव डॉक्टर अनूप वधावन, विदेशी व्यापार के महानिदेशक अमित यादव के अलावा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
--------------
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज सोसाइटी ऑटोमॉबाइल मैन्यूफैक्र्चर्स के 60वें वार्षिक अधिवेशन को वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने ऑटोमोबाइल सेक्टर में मांग में वृद्धि को फिर से पटरी पर लाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार इस संबंध में सभी पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द स्क्रेपेज नीति लाए जाने की संभावना है और चैम्पियन एक्सपोर्ट स्कीम पर भी गौर किया जा रहा है। श्री जावड़ेकर ने प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को समर्थन देने के लिए वाहन विनिर्माण उद्योग की सराहना की।
श्री जावड़ेकर ने यह कहते हुए ऑटो उद्योग को बधाई दी कि इस उद्योग ने बीएस-6 नियमों को समय से चार साल पहले ही अपना लिया है। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल उद्योग कोविड-19 महामारी की चुनौतियों पर खरा उतरा है जो काफी सराहनीय है।
--------------
देश में अब तक कोविड-19 संक्रमण से 30 लाख से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में इस संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या 66 हजार 659 है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि स्वस्थ होने वालों की दर में लगातार सुधार हो रहा है और यह दर 77 दशमलव एक पांच प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि दो महीनों में संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या चार गुणा से अधिक हो गई है।
सरकार द्वारा जांच, पहचान और उपचार की रणनीति के कारण स्वस्थ होने वालों की संख्या बढी है और मृत्यु दर घटी है। इस समय देश में संक्रमण से होने वाली मौतों का प्रतिशत एक दशमलव सात-चार है। पिछले 24 घंटों में 83 हजार 341 नये मामले सामने आये हैं।
पिछले 24 घंटों में सामने आए मामलों में 50 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, आन्ध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तरप्रदेश से हैं।
इस समय देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 8 लाख, 31 हजार 124 है। पिछले 24 घंटों में हुई एक हजार 96 मौतों के साथ अब तक इस संक्रमण से 68 हजार 472 लोगों की मौत हो चुकी है।
--------------
देश में लगातार दो दिन से 11 लाख 70 हजार कोविड मामलों की जांच का रिकार्ड प्राप्त हुआ है। पिछले पांच महीनों में कोरोना जांच क्षमता में महत्वपूर्ण बढोतरी हुई है। 23 मार्च को कोविड परीक्षण करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या एक सौ 60 थी जो आज बढकर एक हजार 631 हो गई है। इनमें से एक हजार 25 प्रयोगशालाएं सरकारी हैं जबकि 606 निजी हैं। संक्रमण की दर भी लगातार कम हो रही है और यह लगभग आठ दशमलव पांच प्रतिशत हो गई है। राजस्थान, उत्त्तरप्रदेश, पंजाब और मध्यप्रदेश में यह दर अभी पांच प्रतिशत से भी कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अधिक संख्या में जांच होने से संक्रमण का जल्दी पता लगाने और संक्रमितों को क्वारैंटीन करने में मदद मिली है, जिससे महामारी से मृत्यु की दर में भी कमी आई है।
--------------
तेलंगाना में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के दो हजार 478 नये मामले आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर एक लाख 35 हजार 884 हो गई है। इस दौरान और दो हजार 11 लोग ठीक हुए है । राज्य में ठीक होने की दर बढकर 75 प्रतिशत हो गई है। अब तक एक लाख दो हजार 24 लोग ठीक हुए हैं।
--------------
आकाशवाणी से विशेषज्ञों की सलाह श्रृंखला में कोविड-19 के बारे में वरिष्ठ चिकित्सकों का परामर्श प्रसारित किया जाता है। नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने लोगों को कोविड-19 संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सुरक्षित दूरी बनाए रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने की सलाह दी।
--------------
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मुम्बई पुलिस के सहयोग से सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवती और सुशांत के हाऊस मैनेजर सैमुअल मिरांडा के परिसरों में छापेमारी की। यह छापेमारी नशीले पदार्थों की जांच से जुड़े मामले के सिलसिले में की गई है। बाद में दोनों को इस मामले में चल रही जांच में सहयोग करने के लिए समन सौंपा गया। और ब्योरा हमारी संवाददाता से ----
दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के उप महानिदेशक, मुथा अशोक जैन ने जानकारी दी कि नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्टेंस अधिनियम की धारा सड़सठ के तहत शोविक चक्रबोर्ती और सैमुअल मिरांडा को नोटिस जारी किए गए हैं और उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। मिरांडा को उनके निवास स्थान से तलाशी के बाद एनडीपीएस एक्ट 1985 के प्रावधानों के तहत आज सुबह स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने हिरासत में लिया। अब तक इस मामले में महानगर के बांद्रा इलाके से ज़ैद विलात्रा और बासित परिहर को गिरफ्तार किया गया हैं। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा साझा की गई रिपोर्ट के बाद एजेंसी ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत यह मामला दर्ज किया है। सोनाली घड्याळपाटिल, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
--------------
उच्चतम न्यायालय ने आज पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार की उस याचिका को खारिज को दिया है जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से अंतरिम जमानत की अपील की थी। सज्जन कुमार 1984 के दंगों के मामले में आजीवन कारावास में हैं। प्रधान न्यायाधीश एस ए बोबडे की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि उनकी याचिका पर सुनवाई बाद में कभी की जायेगी लेकिन अभी उन्हें जमानत नहीं दी जा सकती। पीठ ने यह भी कहा है कि वह दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले को दोषपूर्ण नहीं मानते जिसमें न्यायालय ने कुमार को दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी।
17 दिसम्बर 2018 को इस मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने कुमार और कुछ अन्य को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
--------------
असम सरकार ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर-एन.आर.सी के दोबारा प्रमाणन के लिए उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। मुख्यमंत्री सर्बानन्द सोनोवाल ने आकाशवाणी से बातचीत में कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एन.आर.सी में सभी वास्तविक भारतीय नागरिकों को शामिल किया जाए और अवैध नागरिकों के नाम हटा दिये जायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चतम न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद त्रुटि-रहित एन.आर.सी. का प्रकाशन सम्भव होगा। श्री सोनोवाल ने जोर देकर कहा कि सभी पूर्वोत्तर राज्यों को इस क्षेत्र को बढावा देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
--------------
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल श्रीनगर के राजभवन में उद्योग और वाणिज्य विभाग की निवेश परिस्थितियों को मजबूत करने के लिए उठाये गये कदमों की समीक्षा की। इस अवसर पर उद्योग और वाणिज्य विभाग के आयुक्त सह सचिव मनोज कुमार द्विवेदी ने औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने सहित औद्योगिक परिदृश्य की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस दौरान उन्होंने टैक्सटाइल पार्क, फूड प्रोसेसिंग पार्क, एक्सपोर्ट ओरिएण्टेड जोन, औद्योगिक पार्क, बायोटैक पार्क सहित औद्योगिकी संरचना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क और प्राइवेट इण्स्ट्रियल पार्क के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरकार ने केन्द्रशासित प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए छह हजार एकड़ भूमि की पहचान की है, जिसमें से तीन हजार एकड़ भूमि सरकार द्वारा अधिग्रहीत कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग सहित बड़े उद्योगों के लिए औद्योगिक नीति अंतिम चरण में है।
उपराज्यपाल ने कोविड-19 के दौरान केन्द्रशासित प्रदेश में पहली बार वैश्विक निवेश सम्मेलन आयोजित किये जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों की भावनाओं के साथ अधिक से अधिक निवेश बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।
--------------
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में ऊर्जा विकास विभाग के मुख्य सचिव रोहित कंसल ने कल शीत ऋतु के लिए कश्मीर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की तैयारियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने खऱाब ट्रांसफॉर्मरों को बदलने के लिए इनका बफर स्टॉक बनाये रखने की जरूरत पर बल दिया ताकि समय पर इन्हें बदला जा सके। उन्होंने खराब मौसम के दौरान बिजली की लगातार आपूर्ति के लिए विद्युत प्रेषण और वितरण नेटवर्क को बनाये रखे जाने पर जोर दिया।
विद्युत विकास से संबंधित आधारभूत योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सुदृढ विद्युत विकास और सुधार कार्यक्रम, एकीकृत ऊर्जा विकास योजना तथा प्रधानमंत्री विकास पैकेज के अंतर्गत परियोजनाओं में और तेजी लाने के लिए कहा।
--------------
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पीयुष गोयल के नेतृत्व में छह सदस्यीय केन्द्रीय दल ने बिहार में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया। दिल्ली लौटने से पहले दल ने पटना में राज्य के मुख्य सचिव और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत की।
केन्द्रीय दल ने राज्य सरकार से 16 बाढ़ग्रस्त जिलों में नुकसान का आकलन अपने स्तर से भी करने को कहा। यह दल शीघ्र ही केन्द्र सरकार को रिपोर्ट सौंपेगा। दल ने सबसे अधिक प्रभावित दरभंगा, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज में हुए नुकसान की स्थिति का आकलन किया। प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनसे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदेश में 16 जिलों में 83 लाख 62 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बल की 21 टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हैं।
--------------
तमिलनाडु में, कुड्डलोर के पास कट्टुमन्नारकोइल में एक पटाखा फैक्ट्री में हुई विस्फोट की घटना में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल और बचाव दल युद्ध स्तर पर बचाव कार्य कर रहे हैं।
--------------
एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में सांस्कृतिक विविधता के साथ रह रहे लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना है।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत मध्यप्रदेश को मणिपुर और नगालैण्ड के साथ जोड़ा गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मंच के माध्यम से आदान-प्रदान के लिए विभिन्न गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत मध्य प्रदेश हस्तशिल्प और हथकरघा विकास निगम पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अपने शोरुम खोलने की योजना बना रहा है। निगम मणिपुर के साथ मिलकर भी हस्तशिल्प और हथकरघा के विकास एवं विस्तार के लिए काम करेगा। मध्य प्रदेश हस्तशिल्प विकास निगम के प्रबंध निदेशक राजीव शर्मा ने आकाशवाणी को बताया कि हम कई राज्यों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान की पहल कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश अपने चंदेरी, माहेश्वरी, बाघ प्रिंट समेत मध्य प्रदेश के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों के लिए प्रसिद्ध है। मध्य प्रदेश की साड़ियां देश और विदेश में काफी प्रसिद्ध हैं। वहीँ, मणिपुर का हथकरघा उद्योग अपने कलात्मक उत्पादों के लिए देश विदेश में प्रसिद्ध है और यहाँ के उत्पादों की भी अत्यधिक मांग है। -संजीव शर्मा,आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
--------------
आत्मनिर्भर भारत की श्रृंखला में आज हम कुटुकी मोबाइल लर्निंग एप के बारे में एक विशेष जानकारी लेकर आए हैं। इस एप का डिजाइन देश में तैयार किया है। प्री-स्कूल के बच्चों के लिए भारत की शुरूआती लर्निंग प्लेटफॉर्म में से कुटुकी भी एक प्लेटफॉर्म ही है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सैंकडों प्रकार के कार्यक्रम उपलब्ध हैं। उनमें बच्चों के लिए एनीमेटेड कहानियां, पुस्तकें, कविताएँ तथा विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। सरकार के आत्मनिर्भर भारत एप नवाचार चुनौती में ई-लर्निंग श्रेणी के विजयी प्रतिभागियों में कुटुकी मोबाइल एप भी शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में भारत में तैयार कुटुकी सहित कई अन्य एप्स की प्रशंसा की थी। कुटुकी मोबाइल एप इस चुनौती पर खरा उतरा था।
--------------
भारत ने विश्व की सरकारों से वहां फंसे विदेशी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने और उनके स्वदेश लौटने के सुरक्षा उपाय करने की अपील की है। जी - 20 समूह के विदेश मंत्रियों के वर्चुअल सम्मेलन में विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने कोविड के मद्देनजर लोगों के सीमा पार समन्वित आवागमन के बारे में जी -20 समूह के स्वैच्छिक सिद्धांतों के विकास का भी प्रस्ताव किया।
--------------
वंदे भारत मिशन के अंतर्गत विभिन्न माध्यमों से अब तक लगभग 13 लाख भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। इन्हें एयर इंडिया, निजी और विदेशी एयरलाइनों, चार्टड उडानों, जल मार्ग तथा सड़क मार्ग से स्वदेश लाया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि वंदे भारत मिशन का छठा चरण पहली सितंबर से शुरू हो गया है। इस चरण में 24 देशों से एक हजार सात अंतर्राष्ट्रीय उडानों के माध्यम से इस महीने दो लाख से अधिक लोगों को स्वदेश लाया जाएगा।
--------------
मेकांग गंगा निगम-एमसीजी की 12वीं बैठक में एमसीजी के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहयोग के सभी क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की। एमसीजी छह देशों का एक समूह है। इसमें भारत के अलावा पांच एशियाई देश कंबोडिया, लाओस, म्यांमा, थाईलैण्ड और वियतमान शामिल हैं। ये देश पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा के साथ साथ परिवहन और संचार के क्षेत्र में एक दूसरे का सहयोग करते हैं। एमसीजी की समीक्षा बैठक वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। इससे पहले यह बैठक पिछले वर्ष अगस्त में बैंकॉक में हुई थी।
--------------
भारतीय और रूसी नौसेना के बीच द्विवर्षीय इन्द्रा नेवी का 11वां अभ्यास कल से बंगाल की खाड़ी में शुरू हो रहा है। इन्द्रा नेवी नामक नौसेना अभ्यास की शुरूआत 2003 में की गई थी। इसका उद्देश्य दोनों देशों की नौसेना के बीच दीर्घ कालिक सामरिक संबंधों को मजबूत करना है।
इस अभ्यास में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व गाइडेड मिसाइल विध्वंसक रणविजय, स्वदेशी पोत सहयाद्री और टैंकर बेडा शक्ति करेंगे। इस अभ्यास में हेलिकॉप्टरों को भी शामिल किया गया है।
रूसी नौसेना का प्रतिनिधित्व विध्वंसक एडमिरल वीनोग्राडोवा, विध्वंसक एडमिरल ट्राइब्ट्स और टैंकर बेडा बोरिस बुटॉमा करेंगे।
--------------
और, अब एक नजर आज के मौसम पर-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बादल छाये रहने और हल्की वर्षा के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मुम्बई, चेन्नई, में भी हल्की वर्षा का अनुमान है।
कोलकाता में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना है।
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के जम्मू में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। गरज के साथ वर्षा होने की उम्मीद है।
श्रीनगर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ आंधी- वर्षा की संभावना हैं।
गिलगित में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने और गरज के साथ बौछारे पडने की सम्भावना है।
